Saturday, 6th June 2026
Follow us on
Saturday, 6th June 2026
Follow us on

मुआवजे नहीं, जवाबदेही और सुधार चाहिए

दिल्ली में मौत का बुनियादी ढांचा: मालवीय नगर की त्रासदी और रेखा गुप्ता सरकार की प्रशासनिक विफलता
News

2026-06-06 18:31:05

संवाददाता

नई दिल्ली। दिल्ली के मालवीय नगर स्थित एक होटल में 3 जून 2026 को लगी भीषण आग ने पूरे देश को झकझोर दिया। इस दर्दनाक हादसे में इक्कीस लोगों की मौत और अनेक लोगों के घायल होने की खबर ने न केवल राजधानी बल्कि पूरे देश को स्तब्ध कर दिया। आग की लपटों से बचने के लिए लोगों को ऊँची इमारत से कूदते हुए देखा गया। सोशल मीडिया और समाचार माध्यमों में प्रसारित हुए दृश्य किसी भी संवेदनशील व्यक्ति के लिए अत्यंत पीड़ादायक थे। यह केवल एक दुर्घटना नहीं थी; यह उस व्यवस्था की विफलता का भयावह प्रमाण थी जो नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बनाई गई है। हर बड़ी दुर्घटना के बाद कुछ दिन तक शोक, संवेदना, जांच और मुआवजे की घोषणाएं होती हैं। फिर धीरे-धीरे मामला सार्वजनिक स्मृति से ओझल हो जाता है। लेकिन मालवीय नगर की यह त्रासदी केवल शोक व्यक्त करके भुला देने योग्य घटना नहीं है। यह उन गहरे संरचनात्मक दोषों की ओर संकेत करती है जो भारत के महानगरों में तेजी से बढ़ते शहरीकरण के साथ और अधिक खतरनाक रूप धारण कर चुके हैं। यह हादसा हमें मजबूर करता है कि हम पूछें- क्या हमारी इमारतें वास्तव में सुरक्षित हैं? क्या अग्नि सुरक्षा नियम केवल कागजों तक सीमित हैं? क्या सरकार को हमारी फ्रिक है? क्या प्रशासन की भूमिका केवल दुर्घटना के बाद राहत बांटने तक सीमित रह गई है?

राजधानी की संकरी गलियां, रास्तों पर फैला अवैध अतिक्रमण और बिल्डिंग में फायर-सेफ्टी मानकों की सरेआम अनदेखी ने इस घटना को एक भीषण त्रासदी में बदल दिया। दमकल की गाड़ियों को घटनास्थल तक पहुंचने में भारी मशक्कत करनी पड़ी, क्योंकि सड़कों पर अवैध पार्किंग और अतिक्रमण का ऐसा जाल बिछा था कि राहत और बचाव कार्य घंटों तक बाधित रहा। इस दर्दनाक घटना में अपनी जान गंवाने वाले मासूम लोगों की चीखें केवल उस इमारत तक सीमित नहीं रहीं; उन्होंने दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार के विश्वस्तरीय सुविधाओं और सुरक्षित शहर के खोखले वादों की पोल खोल कर रख दी। मालवीय नगर की यह घटना कोई प्राकृतिक आपदा नहीं थी, बल्कि यह प्रशासनिक विफलता, भ्रष्टाचार और सरकारी अनदेखी से उपजी एक संस्थागत हत्या थी। मालवीय नगर की यह त्रासदी कोई इकलौती घटना नहीं है। फरवरी 2025 में जब रेखा गुप्ता के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली की सत्ता संभाली, तो राजधानी के नागरिकों से ढांचागत विकास और सुरक्षा के बड़े-बड़े वादे किए गए थे। लेकिन आज, जून 2026 तक आते-आते, जमीनी हकीकत इन वादों से कोसों दूर है। दिल्ली अब केवल भारत की राजनीतिक राजधानी नहीं रह गई है, बल्कि यह प्रशासनिक लापरवाही, जर्जर बुनियादी ढांचे और नीतिगत विफलताओं के कारण एक डेथ ट्रैप (मौत का जाल) बन चुकी है। आग का तांडव हो, सड़कों के जानलेवा गड्ढे हों, या बेकाबू ट्रैफिक के कारण होने वाले हादसे—हर मोर्चे पर सरकारी तंत्र की घोर लापरवाही आम आदमी की जान की दुश्मन बन गई है।

जलती दिल्ली और सोता प्रशासन: गर्मियों के मौसम में दिल्ली में आग लगने की घटनाएं आम बात मानी जाती हैं, लेकिन वर्ष 2026 के आंकड़े सिर्फ मौसम की मार नहीं, बल्कि सरकारी तंत्र की आपराधिक लापरवाही की गवाही देते हैं। मालवीय नगर की घटना इसी लापरवाही की सबसे क्रूर परिणति है। दिल्ली फायर सर्विस के आधिकारिक और मीडिया रिपोर्ट्स के आंकड़ों के अनुसार, 2026 के शुरूआती पांच महीनों में ही आग लगने की 9,000 से अधिक घटनाएं दर्ज की गई हैं, जिनमें अब तक 65 से अधिक लोगों की दर्दनाक मौत हो चुकी है। अकेले अप्रैल महीने में 2,375 घटनाएं दर्ज की गईं, जो पिछले महीने (मार्च) की तुलना में 54% अधिक थीं।

लापरवाही की जड़ें कहां हैं? आग लगने का मुख्य कारण केवल बढ़ती गर्मी या हीटवेव नहीं है। असली कारण है—जर्जर इलेक्ट्रिकल इंफ्रास्ट्रक्चर और फायर सेफ्टी नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ना। 2026 में आग की 6,000 से अधिक घटनाएं आवासीय श्रेणी के तहत चल रहे गेस्ट हाउसों, कोचिंग सेंटरों और व्यावसायिक इमारतों में हुईं। मालवीय नगर हो या मुखर्जी नगर, कई व्यावसायिक प्रतिष्ठान बिना फायर एनओसी के चल रहे हैं। मार्च 2026 में पालम में एक रिहायशी इमारत में लगी आग (जिसमें 9 लोगों की जान गई), अप्रैल में लक्ष्मी नगर में ट्रांसफार्मर से फैली आग और अब मालवीय नगर की त्रासदी इस बात का प्रमाण है कि रिहायशी इलाकों में चल रही व्यावसायिक गतिविधियों का कोई सुरक्षा आॅडिट नहीं किया जा रहा है। सरकार और स्थानीय निकाय केवल घटना होने के बाद जांच कमेटियां बनाने तक सीमित रह गए हैं, जिनकी रिपोर्ट कभी सार्वजनिक नहीं होती।

सड़कों पर मौत का सफर: गड्ढे और बेलगाम हादसे

दिल्ली की सड़कें आज नागरिकों के लिए जानलेवा बन चुकी हैं। नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो और दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के आंकड़े सड़क सुरक्षा के सरकारी दावों की धज्जियां उड़ाते हैं। वर्ष 2025 में दिल्ली में 1,578 घातक सड़क हादसों में 1,617 लोगों ने अपनी जान गंवाई। यह पिछले कई वर्षों में सबसे बड़ा आंकड़ा है। 2026 की पहली छमाही में भी स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। इस ऐतिहासिक वृद्धि के पीछे सरकार और संबंधित एजेंसियों की प्रत्यक्ष विफलताएं जिम्मेदार हैं। दिल्ली की सड़कों पर बने गड्ढे दोपहिया वाहन चालकों के लिए सबसे बड़ा खतरा हैं। मॉनसून के दौरान या रात के अंधेरे में जलभराव के कारण ये गड्ढे दिखाई नहीं देते। अक्सर दुपहिया चालक इन गड्ढों से बचने के चक्कर में भारी वाहनों की चपेट में आ जाते हैं। सड़क निर्माण में खराब सामग्री का उपयोग, मरम्मत में देरी और ठेकेदारों का भ्रष्टाचार सीधे तौर पर सरकारी अनदेखी को दर्शाता है। ओवरस्पीडिंग, नशे में गाड़ी चलाना और गलत दिशा में वाहन चलाना हादसों के मुख्य कारण हैं। दिल्ली की चौड़ी सड़कों पर रात के समय कोई पुलिस पिकेट नहीं होती। खराब पड़े सीसीटीव कैमरे और चौराहों पर पुलिस की नाममात्र उपस्थिति अपराधियों को बेखौफ बनाती है। सड़क हादसों में मरने वालों में सबसे बड़ी संख्या दोपहिया वाहन चालकों और पैदल यात्रियों की होती है। फुटपाथों पर अतिक्रमण और सुरक्षित जेब्रा क्रॉसिंग का अभाव दिल्ली सरकार की अर्बन प्लानिंग की भारी विफलता है।

दिखावटी ग्रीन बजट और पर्यावरणीय लापरवाही

रेखा गुप्ता सरकार ने हाल ही में अपने वित्तीय बजट को ग्रीन बजट का नाम दिया और पर्यावरण के लिए भारी-भरकम राशि आवंटित करने का दावा किया। लेकिन यह दावा वास्तविकता की कसौटी पर पूरी तरह खोखला और गुमराह करने वाला साबित होता है। लापरवाही सिर्फ हादसों में नहीं, बल्कि उस हवा और पानी में भी है जो दिल्लीवासी ले रहे हैं। सर्दियों के समय वायु गुणवत्ता सूचकांक के मीटरों के पास पानी छिड़क कर प्रदूषण के आंकड़ों को छिपाने का प्रयास किया जाता है। जब सरकार समाधान खोजने के बजाय धूल झोंकने और आंकड़ों को छिपाने पर अपनी ऊर्जा खर्च करती है, तो नागरिक अस्थमा और फेफड़ों के कैंसर जैसी बीमारियों से मौन मौत मरने को मजबूर होते हैं। दिल्ली पलूशन कंट्रोल कमेटी की रिपोर्ट के अनुसार, यमुना का पानी अब स्नान करने या छूने लायक भी नहीं बचा है। औद्योगिक कचरे पर लगाम लगाने में सरकार पूरी तरह विफल रही है। अमोनिया और बायोकैमिकल आॅक्सीजन डिमांड का स्तर खतरनाक सीमा को पार कर चुका है, जो सीधे तौर पर जल जनित बीमारियों को न्योता दे रहा है।

किसी भी शहर का प्रशासन तब विफल माना जाता है, जब बुनियादी ढांचे के हर मोर्चे पर पतन साफ दिखने लगे। दिल्ली में आज यही हो रहा है। 2024 में विवेक विहार के शिशु अस्पताल में हुई भीषण त्रासदी के बाद भी 2025 और 2026 में अस्पतालों और कोचिंग संस्थानों का फायर सेफ्टी तथा स्ट्रक्चरल आॅडिट महज कागजों तक सीमित रहा। मालवीय नगर की घटना ने साबित कर दिया है कि पुरानी गलतियों से कोई सबक नहीं लिया गया। दिल्ली में हमेशा से एजेंसियों के बीच अधिकार क्षेत्र की लड़ाई रही है। नई सरकार आने के बाद यह उम्मीद थी कि प्रशासन में समन्वय बेहतर होगा, लेकिन इसके विपरीत, अधिकारी एक-दूसरे पर जिम्मेदारी थोपकर हादसों से पल्ला झाड़ लेते हैं। यदि कोई व्यक्ति गड्ढे में गिरकर मरता है, तो पीडब्ल्यूडी और एमसीडी के बीच यह तय करने में हफ्तों लग जाते हैं कि वह सड़क किसकी थी। किसी भी बड़े हादसे के बाद आज तक किसी बड़े अधिकारी, इंजीनियर या राजनेता की जिम्मेदारी तय नहीं की गई और न ही किसी को बर्खास्त किया गया। कुछ लाख रुपये के मुआवाजे का ऐलान कर देना और एक मजिस्ट्रियल जांच बिठा देना प्रशासन का अंतिम और एकमात्र समाधान बन गया है।

मालवीय नगर की आग में खाक हुई जिंदगियां, दिल्ली में अब तक जो 65 जानें आग के कारण गई हैं, या जो 1,600 से अधिक परिवार सड़क हादसों में तबाह हुए हैं—वे महज सरकारी फाइलों के आंकड़े नहीं हैं। वे एक विफल, असंवेदनशील और भ्रष्ट प्रशासनिक व्यवस्था के सीधे शिकार हैं। रेखा गुप्ता के नेतृत्व वाली सरकार को यह समझना होगा कि स्मार्ट सिटी, ग्रीन बजट या विज्ञापनों के नारों से जमीन पर लोगों की जानें नहीं बचाई जा सकतीं। जब तक मालवीय नगर जैसी घटनाओं के लिए जिम्मेदार भ्रष्ट अधिकारियों और ठेकेदारों पर आपराधिक मुकदमे दर्ज नहीं होंगे, फायर सेफ्टी नियमों को सख्ती से लागू नहीं किया जाएगा, और गड्ढा-मुक्त सड़कों की गारंटी नहीं दी जाएगी, तब तक दिल्लीवासियों के लिए हर दिन घर से निकलना एक जानलेवा जोखिम बना रहेगा। दिल्ली को आज राजनीतिक बयानबाजी की नहीं, बल्कि कठोर प्रशासनिक इच्छाशक्ति की जरूरत है। सरकार को राजनीति से ऊपर उठकर नागरिक सुरक्षा, पारदर्शी आॅडिट और सख्त कानून व्यवस्था को अपनी पहली और अंतिम प्राथमिकता बनाना होगा, अन्यथा इतिहास इस कार्यकाल को लापरवाही के क्रूरतम और सबसे उदासीन दौर के रूप में याद रखेगा, जहां इंसान की जान की कीमत सिस्टम की लालफीताशाही से भी कम आंकी गई।

Post Your Comment here.
Characters allowed :


01 जनवरी : मूलनिवासी शौर्य दिवस (भीमा कोरेगांव-पुणे) (1818)

01 जनवरी : राष्ट्रपिता ज्योतिबा फुले और राष्ट्रमाता सावित्री बाई फुले द्वारा प्रथम भारतीय पाठशाला प्रारंभ (1848)

01 जनवरी : बाबा साहेब अम्बेडकर द्वारा ‘द अनटचैबिल्स’ नामक पुस्तक का प्रकाशन (1948)

01 जनवरी : मण्डल आयोग का गठन (1979)

02 जनवरी : गुरु कबीर स्मृति दिवस (1476)

03 जनवरी : राष्ट्रमाता सावित्रीबाई फुले जयंती दिवस (1831)

06 जनवरी : बाबू हरदास एल. एन. जयंती (1904)

08 जनवरी : विश्व बौद्ध ध्वज दिवस (1891)

09 जनवरी : प्रथम मुस्लिम महिला शिक्षिका फातिमा शेख जन्म दिवस (1831)

12 जनवरी : राजमाता जिजाऊ जयंती दिवस (1598)

12 जनवरी : बाबू हरदास एल. एन. स्मृति दिवस (1939)

12 जनवरी : उस्मानिया यूनिवर्सिटी, हैदराबाद ने बाबा साहेब को डी.लिट. की उपाधि प्रदान की (1953)

12 जनवरी : चंद्रिका प्रसाद जिज्ञासु परिनिर्वाण दिवस (1972)

13 जनवरी : तिलका मांझी शाहदत दिवस (1785)

14 जनवरी : सर मंगूराम मंगोलिया जन्म दिवस (1886)

15 जनवरी : बहन कुमारी मायावती जयंती दिवस (1956)

18 जनवरी : अब्दुल कय्यूम अंसारी स्मृति दिवस (1973)

18 जनवरी : बाबासाहेब द्वारा राणाडे, गांधी व जिन्ना पर प्रवचन (1943)

23 जनवरी : अहमदाबाद में डॉ. अम्बेडकर ने शांतिपूर्ण मार्च निकालकर सभा को संबोधित किया (1938)

24 जनवरी : राजर्षि छत्रपति साहूजी महाराज द्वारा प्राथमिक शिक्षा को मुफ्त व अनिवार्य करने का आदेश (1917)

24 जनवरी : कर्पूरी ठाकुर जयंती दिवस (1924)

26 जनवरी : गणतंत्र दिवस (1950)

27 जनवरी : डॉ. अम्बेडकर का साउथ बरो कमीशन के सामने साक्षात्कार (1919)

29 जनवरी : महाप्राण जोगेन्द्रनाथ मण्डल जयंती दिवस (1904)

30 जनवरी : सत्यनारायण गोयनका का जन्मदिवस (1924)

31 जनवरी : डॉ. अम्बेडकर द्वारा आंदोलन के मुखपत्र ‘‘मूकनायक’’ का प्रारम्भ (1920)

2024-01-13 16:38:05