




2026-11-21 15:46:04
समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव पिछले कई वर्षों से पीडीए का प्रचार-प्रसार कर रहे हैं। पीडीए से तात्पर्य है पिछड़ा, दलित व अल्पसंख्यक समाज। मान्यवर साहेब कांशीराम जी ने इसी पीड़िए को बहुजन समाज कहकर संबोधित किया था, जिसे बहन मायावती जी ने उनकी अवधारणा के अनुसार आगे बढ़ाया और सबको एक साथ मंच पर लेकर आई। जिसके सामूहिक बल पर उत्तर प्रदेश में चार बार बहुजन समाज पार्टी की सरकार बनी। यह विजन मान्यवर साहेब कांशीराम जी का था, जिसका फायदा अब सामंतवादी विचारधारा के अखिलेश यादव व उसके परिवार के लोग राजनीति में अपनी ताकत बढ़ाने के लिए कर रहे है। पीडीए का मकसद ऊपरी लबादे और चारित्रिक स्तर पर तो सही नजर आता है, उससे समाज को यह भी समझना होगा कि अखिलेश अपने राजनैतिक दल को समाजवादी कहते हैं, उनकी आंतरिक मानसिक संरचना सामंतवादी रही है। अखिलेश यादव समाज हित में एक अच्छे व्यक्ति हो सकते हैं, चूंकि हमें वर्तमान स्थिति में न उनके मानसिक और चारित्रिक संरचना का पता है, इसलिए हम उन्हें अज्ञानतावश अच्छा व्यक्ति मानकर चल सकते हैं। मनुष्य को उसके चरित्र और कार्यों से ही भली-भांति समझा जा सकता है, बाह्य स्तर पर या ऊपरी आवरण के आधार पर तो सभी अच्छे लगते है। किसी मनुष्य की असली पहचान उसके रूप, पद या धन के बजाय उसके कार्यों और चरित्र से होती है। बातें कोई भी बड़ी कर सकता है, लेकिन कठिन समय और रोजमर्रा के व्यवहार में किए गए काम ही उसके असली स्वभाव को दिखाते हैं। अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी का निर्माण उनके पिताजी मुलायम सिंह यादव द्वारा किया गया, इस कार्य में मुलायम सिंह और उनके भाई बंधु और रिश्तेदार भी शामिल रहे। मुलायम सिंह व उनके क्षेत्र की जनता से पता चलता है कि वे अपनी युवावस्था में छोटी-मोटी पहलवानी इत्यादि का भी शोक रखते थे, इसलिए उनके आसपास का समाज उन्हें पहलवान के नाम से भी जानता था। उनके समकक्ष लोगों ने सार्वजनिक तौर पर यह बताया था कि वे एक उदण्ड किस्म के व्यक्ति थे और छोटी-मोटी घरेलू चोरियाँ इत्यादि भी कर लेते थे। मुलायम सिंह की इस किस्म की गतिविधि से समाज को मालूम चलता है कि मुलायम सिंह का परिवार व उसके सगे-संबंधी सभ्य प्रवृति के लोगों में से नहीं थे और न उनमें उच्च कोटि की शिक्षा और समझ थी।
जब 80 के दशक में उत्तर प्रदेश में पिछड़ों की राजनीति की जमीन तैयार होने लगी थी। इसी को देखते हुए राममनोहर लोहिया के करीब रहे मुलायम सिंह यादव ने ‘समाजवादी जनता पार्टी’ से अलग होकर ‘समाजवादी पार्टी’ का गठन किया। यह 4 अक्टूबर 1992 की बात है। उस वक्त समाजवादी जनता पार्टी के अध्यक्ष पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर हुआ करते थे। मुलायम चंद्रशेखर को अपना राजनीतिक गुरु भी मानते थे। साल 1993 में मुलायम सिंह यादव की ‘समाजवादी पार्टी’ और कांशीराम जी की ‘बहुजन समाज पार्टी’ ने गठबंधन में रहकर 67 सीटें जीतीं थी। तब देश मंदिर, मस्जिद के नाम पर उबल रहा था। बसपा-सपा के गठबंधन के बाद देश में एक नया नारा जोर से गूंज उठा था- ‘मिले मुलायम, कांशीराम, हवा में उड़ गए जय श्री राम।’
बसपा में उस समय बहन मायावती उपाध्यक्ष थीं और मान्यवर साहेब कांशीराम जी बसपा के अध्यक्ष थे। लेकिन उत्तर प्रदेश की राजनीति में बहन मायावती जी का दबदबा बढ़ रहा था। राज्य के सीएम की कुर्सी पर बैठे मुलायम सिंह को यह रास नहीं आ रहा था और वह सीपीआई, सीपीएम और जनता दल के विधायकों को तोड़ कर बहुमत के लिए बसपा में भी तोड़- फोड़ की सेंद लगा रहे थे। इस राजनैतिक षड्यंत्र के तहत बहन मायावती जी को डराने के उद्देश्य से मुलायम सिंह और उसके उदण्ड किस्म के पारिवारिक व जातीय घटक के मित्रों ने मिलकर गेस्ट हाउस कांड को अंजाम दिया था। सपा के नेता बसपा के 12 विधायकों को भी गेस्ट हाउस के षड्यंत्रकारी कांड में जबरदस्ती अपने साथ ले गए थे। 1996 के चुनाव में मुलायम सिंह ने पार्टी को राष्ट्रीय स्तर पर लाने की कोशिश की और वे स्वयं पहली बार संसद में पहुंचे। मुलायम सिंह का नाम संयुक्त मोर्चे वाली सरकार में प्रधानमंत्री के लिए तय होते-होते रह गया।
केंद्र सरकार में समाजवादी पार्टी की जगह नहीं बनते देख मुलायम सिंह ने समाजवादी साइकिल को फिर से यूपी की सड़क पर दौड़ा दिया। अपने संगठनात्मक मजबूती के बल पर सपा यूपी में सत्ता में लौटी और 29 अगस्त 2003 को मुलायम सिंह यादव फिर से मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठा दिया। 2004 का लोकसभा चुनाव, समाजवादी पार्टी के लिए ऐतिहासिक रहा। सपा ने 35 लोकसभा सीटें जीती लेकिन दिल्ली की सत्ता में जगह नहीं बना पाई। दूसरी ओर मुलायम सिंह का कार्यकाल भी बतौर मुख्यमंत्री कुछ खास नहीं रहा। उसके बाद के पांच साल समाजवादी पार्टी के लिए बेहद ही उठापटक वाले रहे। 2007 के विधानसभा चुनाव में सपा को जनता ने सत्ता से बेदखल कर दिया। 2009 के लोकसभा चुनाव में सपा 22 सीटें ही जीत पाई। जिसके बाद मुलायम सिंह ने एक बड़ा फैसला लेते हुए यूपी के नेता प्रतिपक्ष के पद से इस्तीफा देकर अपने छोटे भाई शिवपाल को कमान थमा दी। जो मुलायम के परिवार में सबसे अधिक उदण्ड प्रवृति के व्यक्ति रहे हैं। उत्तर प्रदेश की जनता में यह सब जग जाहीर है। 2012 में यूपी विधानसभा चुनाव जीतकर सपा फिर सत्ता में नए चेहरे के साथ पहुंची। मुलायम सिंह के बेटे अखिलेश यादव यूपी के नए मुख्यमंत्री बने और यहीं से समाजवादी का कुनबा बिखरना शुरू हो गया।
सपा-बसपा का गठबंधन था सैद्धान्तिक व प्राकृतिक: राजनैतिक विचारधारा और सामाजिक धरातल को देखते हुए सपा-बसपा का गठबंधन सैद्धान्तिक लगता है। परंतु देश व पिछड़े समाज का सामाजिक धरातल विषमतावादी है, पिछड़े समुदाय के कुछेक जातीय घटक जैसे- जाट, गुर्जर, अहीर, पटेल व अन्य कृषि के क्षेत्र में काम करने वाले जातीय घटकों की मानसिकता गहराई तक मनुवादी-संघी और जातिवादी है। जिसके आधार पर कृषि क्षेत्र में व्यस्त रहने वाले जातीय घटक अन्य जातीय घटकों को अपने से नीचा मानते हैं। इन अत्यंत पिछड़ी जातीय घटकों के नाम इस प्रकार है- मल्लाह, बिंद, बेलदार, केवट, कानू, धानुक, कहार, कुम्हार, नाई, तमोली, भड़भुजा, तेली, हलवाई, सुनार, ठठेरा, दर्जी, रंगरेज, जुलाहा, मनिहार, कश्यप, निषाद, प्रजापति, धीवर, राजभर, धीमर, बाथम, तुरहा, गोडिया, मांझी, मछुआ, बढ़ई, गड़रिया, लौहार, आदि उत्तर प्रदेश में पिछड़े जातीय घटकों के अंतर्गत आती है। अखिलेश यादव की पार्टी के सिरमोर अत्यंत पिछड़ी जातीय घटकों के लोगों को अपने से नीचा मानती है और उन्हें वे अपने बराबर का हक, हिस्सेदारी व सम्मान देने की मानसिकता नहीं रखते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में प्राय: देखा गया है कि अहीर, गुर्जर, जाट, पटेल आदि समुदाय के लोग सामंतवादी विचारधारा के तहत उपरोक्त अत्यंत पिछड़ी जातियों का शोषण करते हैं। उनके द्वारा की गई शारीरिक श्रम की कीमत भी चुकाने में आनाकानी करते हैं। ऐसा देखकर हम कह सकते हैं कि इन सामंतवादी विचारधारा रखने वाले जातीय घटकों में मानवता नहीं होती है। जो सीधे संविधान में दिये गए संवैधानिक व नागरिक अधिकारों से टकराता है। जिसका फायदा ब्राह्मणवादी-मनुवादी और संघी मानसिकता के लोग उठाने की चेष्टा करते हैं। दिखावे के तौर पर ब्राह्मणवादी-मनुवादी संस्कृति के लोग इन पिछड़ी जातीय घटकों को सवर्ण समुदाय में गिनकर, उन्हें अपने लठैत बना लेते हैं। आज जो समाज में यूजीसी के प्रावधानों को लेकर उबाल दिख रहा है, वह उबाल भी इन्हीं पिछड़ी जातीय घटकों के लोगों द्वारा पोषित किया जा रहा है। जिसके आधार पर ये सभी सामंतवादी विचारधारा के जातीय घटक मनुवादी-संघी व ब्राह्मणवादी वर्चस्व के शिकार होकर उनके लठैत बने हुए हैं। जिन सामुदायिक घटकों को अपने अधिकारों की समझ नहीं है क्या वे अत्यंत पिछड़ी जातीय घटकों के साथ सही समनव्य बनाकर उन जातीय घटकों के वोटों के साथ कारगर तालमेल बनाने में सफल हो सकते हैं?
बहुजन समाज के कुछेक जातीय घटक आगामी यूपी चुनाव के मद्देनजर अपने आपको चमकाने के लिए कांग्रेस व अखिलेश की समाजवादी पार्टी के दरवाजे पर दस्तक दे रहे हैं। वे सोच रहे है कि किसी भी तरह हमारी एंट्री अखिलेश की समाजवादी पार्टी या कांग्रेस में हो जाये तो हमारा भविष्य चमक और सुधर सकता है। स्वाभाविक तौर पर हर व्यक्ति की इच्छा होती है कि मैं अपने क्षेत्र में उन्नति करूं और ऊंचाई तक पहुँच जाऊ। परंतु ऐसी उन्नति पाने में उसे अपने द्वारा किए गए कार्य, संघर्ष, त्याग को समाज के सामने रखकर देखना चाहिए। साथ में बहुजन समाज के महापुरुषों द्वारा बताए गए रास्ते पर चलकर उन्होंने समाज के लिए क्या कार्य किया है? वे समाज में कितने जागरूक व शक्तिशाली है इस बात का भी ध्यान रखना चाहिए।
यूपी चुनाव में बहुजन समाज के मतदाताओं की रणनीति? आज बहुजन समाज एक ऐसे चौराहे पर है, जहां से उसे कोई अपना राजनैतिक रास्ता नजर नहीं आ रहा है। बहुजन समाज के जागरूक व शिक्षित सदस्य अपने स्वार्थवश और महापुरुषों के बताए गए रास्ते को ताक पर रखकर सोच रहे हैं कि हमें कांग्रेस पार्टी से टिकट मिल जाये तो हमारा राजनैतिक सफर और व्यक्तिगत स्वार्थ काफी हद तक सफल हो सकता है। विडम्बना यह है कि हमारे महापुरुषों ने विशेषकर बाबा साहेब डॉ. अंबेडकर ने समाज को कांग्रेस में नहीं जाने की सलाह दी थी, उन्होंने स्वयं कहा था कि कांग्रेस एक जलता हुआ महल है, जिसमें हमारे लोगों को राजनैतिक स्वार्थ के लिए नहीं घुसना चाहिए। लेकिन आज ये सभी सुशिक्षित समझें जाने वाले तथाकथित अंबेडकरवादी लोग, बाबा साहेब के सिद्धान्त को न मानकर वे अपने लालच में फंसे हैं, उनमें से कुछ कांग्रेस में शामिल हो चुके हैं और कुछ शामिल होने की लाइन में खड़े है।
उपरोक्त स्थिति को देखकर आज के राजनीति परिदृश्य से निष्कर्ष निकाला जा सकता है कि बहुजन समाज के अंबेडकरवादी प्रत्याशियों को न कांग्रेस और न अखिलेश के पीडीए में जाना चाहिए। सच्चे व त्यागी किस्म के अंबेडकरवादियों को कांग्रेस और सपा गठबंधन के साथ सीटों का उचित आधार पर बंटवारा करके, कम से कम विधान सभा की 150 सीटों पर एक अलग गुट बनाकर (बीएसपी) चुनाव लड़ना चाहिए। जो चुनाव में उतरे हुए है और जो चुनाव की सक्रियता से बाहर है दोनों को सक्रिय होकर अपने बहुजन समाज के प्रत्याशियों को अपने प्रचार-प्रसार के माध्यम से जीताकर विधान सभा में भेजना चाहिए। अगर ऐसा करने में कांग्रेस और अखिलेश का पीडीए असहमत होता है तो फिर बीएसपी को अपने दम पर ही चुनाव मैदान में उतरना चाहिए। समाज की ताकत के बल पर अपने सीमित संसाधनों का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल करके कम से कम विधान सभा में 230 सीटें जीतने का लक्ष्य रखना चाहिए और उसके मुताबिक ही उसका जमीन पर प्रचार-प्रसार नजर भी आना चाहिए। बीएसपी से बहुजन समाज की जनता का निवेदन है कि वह खुलकर उत्तर प्रदेश की सभी विधानसभाओं में छोटे और बड़े प्रोग्राम लगाये। यूपी की सभी प्रमुख सड़कों पर बीएसपी के हॉर्डिंग भी नजर आयें ताकि कार्यकर्ताओं को पार्टी की सक्रियता दिखे। बीएसपी कर्मठ व ईमानदार कार्यकर्ताओं को हर विधानसभा क्षेत्र में जिम्मेदारी देकर, स्वतंत्रता के साथ उन्हें हिदायत दी जाये की गांव-गांव जाकर कैडर कैंप लगायें और कांशीराम जी के मिशन की जानकारी पहुंचाये।





| Monday - Saturday: 10:00 - 17:00 | |
|
Bahujan Swabhiman C-7/3, Yamuna Vihar, DELHI-110053, India |
|
|
(+91) 9958128129, (+91) 9910088048, (+91) 8448136717 |
|
| bahujanswabhimannews@gmail.com |