




2026-11-14 16:53:10
लोकतंत्र में संख्याबल का खेल अहम होता है। जिस जातीय घटक या संप्रदाय की संख्या देश या प्रदेश में 50 प्रतिशत या उससे अधिक है, उसी जातीय घटक के प्रत्याशी विधान सभा या संसद में जीतकर अधिक संख्या में पहुंचने चाहिए। लेकिन भारत की सामाजिक व्यवस्था में जातिवाद और जातीय आधार पर विषमता व नफरत चरम पर है। जिसके कारण जिन जातीय व सांप्रदायिक घटकों की संख्या तुलनात्मक रूप में अधिक है, वे समुदाय अपने राजनीतिक स्वार्थ में या तो बिक जाते हैं या फिर जातीय या उप-जातीय घटकों में बंटकर अपने वोट की ताकत को खो देते हैं, जिसके परिणामस्वरूप जिन जातियों व संप्रदायों का संख्याबल तुलनात्मक दृष्टि में अधिक है उस जातीय घटक के प्रत्याशी भी अपनी संख्याबल के हिसाब से सीटें नहीं जीत पाते। भारत में दलित-शोषित व अत्यंत पिछड़ी जातीय घटकों का गठबंधन प्राकृतिक है। अति पिछड़ी जातीय घटकों के अधिकतर घटक परिवर्तित होने से पहले एक ही मूल/संप्रदाय के व्यक्ति थे। इसलिए बहुजन समाज के जातीय व सांप्रदायिक घटकों को एक साथ मिलकर अपने सभी आपसी मतभेदों को भुलाकर अपने अम्बेडकरवादी प्रत्याशी को जीताकर विधान सभा या लोकसभा में भेजना चाहिए। जिससे दलित-शोषित व अल्पसंख्यक समाज अपने जीते हुए प्रत्याशी से समाज हित में काम करने की अपेक्षा रख सकता है। जातिगत आधार पर वह जीता हुआ प्रत्याशी भी समाज के हित में कार्य करने के लिए बाध्यता महसूस करेगा।
देश का वंचित-शोषित व अल्पसंख्यक समाज ब्राह्मणवाद और संघियों से सावधान रहने की अपेक्षा तो करता है, मगर उस दिशा में संगठित और बौद्धिक रूप से कार्य नहीं करता, सिर्फ खाली बयानबाजी और भाषणबाजी करता है। उनकी बयानबाजी और भाषणबाजी में न कोई रचनात्मक नीति और कार्यशैली होती है। इसी प्रकार की नीति और कार्यशैली के कारण बहुजन शोषित समाज राजनीति में अपने संख्याबल के अनुरूप परिणाम पाकर हताश और विफल हो रहा है। वंचित-शोषित समाज को ब्राह्मणवादी और संघी मानसिकता के लोगों से राजनीति में उतरकर उनकी कार्यशैली से कुछ सीखना होगा। लोकतंत्र में सभी जातीय घटकों के प्रत्याशी चुनावी मैदान में उतरते हैं। लेकिन ब्राह्मणवादी मानसिकता के मतदाता चुनाव से पहले ही गुप्त रूप से अपना अदृश्य सामाजिक फैसला कर लेते हैं कि हमें अपने जातीय घटक के अमुख व्यक्ति को अपना वोट देना है और हम सभी का वोट एकमुस्त उसी व्यक्ति को जाना चाहिए अन्य किसी को नहीं। ब्राह्मण और वैश्य समाज के लोग अपनी इस नीति का सअक्षर पालन करते हैं और अपने साथ समाज के अन्य छोटे-छोटे व कमसमझ जातीय घटकों के वोटों को भी किसी न किसी लालच में फंसाकर उनका वोट अपने द्वारा नामित व्यक्ति को ही दिलाने का काम करते हैं। जिसके कारण समाज में ब्राह्मण और बनियों की कम संख्या होने के बावजूद भी उनके समुदाय के प्रत्याशी ही अधिक संख्या में जीतकर विधान सभा और लोकसभा में पहुँच जाते हैं। इसके विपरीत वंचित-शोषित समाज के लोग अधिकांशतया अपने समुदाय के प्रत्याशियों में कमियाँ निकालकर उनका जोर-शोर से सड़कों और गलियों में घूम-घूमकर प्रचार करते हैं। बहुजन शोषित और वंचित प्रत्याशियों की छवि को समाज में नकारात्मक रूप में फैलाकर उसे पक्का कर देते हैं। जिसके कारण पूरा शोषित और वंचित समाज व अन्य लोग भी उस व्यक्ति के खिलाफ आपस में बंटकर वोट करते हैं। जिसके परिणामस्वरूप बहुसंख्यक आबादी का प्रत्याशी भी कम संख्या वाले प्रत्याशी से हार जाता है। यही प्रक्रिया भारतीय लोकतंत्र में पिछले सालों से चलती आ रही है लेकिन दलित-वंचित-शोषित व अल्पसंख्यक समाज के लोग देश के राजनैतिक गणित को समझने में विफल हैं।
अपनों से ज्यादा सावधान रहने की जरूरत: अखबारों के अनुसार, चंद्रशेखर रावण और एआईएमआईएम के मुखिया औवेसी के बीच यूपी विधान सभा में मिलकर चुनाव लड़ने का समझौता हुआ है। दलित-शोषित-वंचित व अल्पसंख्यक समाज के मतदाताओं को चंद्रशेखर और औवेशी जैसे राजनैतिक दलालों और मुखौटो से सावधान रहना चाहिए चूंकि ऐसे ही राजनीतिक दलाल समाज को किसी न किसी तरीके से विभक्त करके उनकी वोटों का भावनात्मक व सांप्रदायिक टुकड़ों में बंटवारा करा देते है। टुकड़ों में बटे होने के फलस्वरूप मनुवादी संघी मानसिकता के द्वारा उतारे गए नफरतबाज प्रत्याशी चुनाव जीत जाते हैं और सरकार भी उन्हीं की बन जाती है। इस प्रकार सामाजिक विभक्तिकरण देश के लोकतंत्र को कमजोर और बर्बाद कर रहा है। इसका गंभीर संज्ञान दलितों-मुस्लिम वर्ग के जागरूक लोगों को जल्द से जल्द लेना चाहिए और दलित-शोषित-वंचित व अल्पसंख्यकों एक होकर प्रण करना चाहिए कि हम चंद्रशेखर रावण और औवेशी के राजनीतिक छलावों व विभक्तिकरण के षड्यंत्र में नहीं फसेंगे और न उनके द्वारा नामित व्यक्ति को वोट करेंगे। तभी देश का लोकतंत्र मजबूत होकर सही दिशा में आगे बढ़कर मजबूत हो सकेगा।
यूपी में सीटों और औसत वोट प्रतिशत का आंकलन: यूपी में दलित कहे जाने वाला समुदाय लगभग 22 प्रतिशत है और मुस्लिम समुदाय भी लगभग 20-21 प्रतिशत है। दोनों समुदाय के मतदाताओं का राज्य औसत करीब 40-41 प्रतिशत है। राज्य की लगभग 148-160 विधान सभा सीटों पर इनका संयुक्त संख्या का अनुपात 45-70 प्रतिशत पहुँच जाता है। जिसके आधार पर लोकतंत्र में सीधा निष्कर्ष निकाला जा सकता है कि अगर दलित-मुस्लिम समुदाय अपना अबाध्य और प्रभावशाली गठबंधन बनाकर चुनाव लड़े तो वह अपने दम पर विधान सभा की लगभग 160-170 सीटें जीतकर विधान सभा में पहुँच सकता हैं। अगर वह अपने साथ अपनी कार्यकुशलता से समाज में बिखरे हुए अत्यंत पिछड़ी जातीय घटकों की वोटों को अपने साथ लाने में सफल हो जाये तो प्रदेश की 200 से अधिक सीटें जीतकर उत्तर प्रदेश की विधान सभा में अपने दम पर सरकार बनाने में कामयाब हो सकते हैं। पिछड़े वर्ग की अत्यंत पिछडी जातीय घटकों से हमारा तात्पर्य उन जातीय घटकों से है जो अधिकांशतया भूमिहीन है, संसाधन विहीन है व प्रदेश के संसाधनों में भी उनकी भागीदारी लगभग नगण्य है। अत्यंत पिछड़ी जातियों के नाम प्रदेश में निम्न प्रकार से जाने जाते हैं- मल्लाह, बिंद, बेलदार, केवट, कानू, धानुक, कहार, कुम्हार, नाई, तमोली, भड़भुजा, तेली, हलवाई, सुनार, ठठेरा, दर्जी, रंगरेज, जुलाहा, मनिहार, कश्यप, निषाद, प्रजापति, धीवर, राजभर, धीमर, बाथम, तुरहा, गोडिया, मांझी, मछुआ, बढ़ई, गड़रिया, लौहार, आदि। मगर ये सभी अत्यंत पिछड़ी जातियाँ अपने आपको ब्राह्मणवादी षड्यंत्रकारी मानसिकता के तहत खुदको हिन्दू मानकर ब्राह्मणवादियों व संघियों को वोट कर देते हैं। संघी मानसिकता के दबंग प्रवृति के गुंडों के द्वारा ये सभी जातीय घटक समय-समय पर उनसे प्रताड़ित भी होते रहते हैं। इन सभी अत्यंत पिछड़ी जातीय घटकों के जागरूक व शिक्षिक लोगों से अनुरोध है कि वे सभी एक साथ मिलकर अपना वोट उसी अम्बेडकरवादी प्रत्याशी को दे जो आपके लिए जमीन पर उतरकर काम कर सके। आपके जातीय घटकों की संख्याबल के आधार पर आपका राजनीति में प्रतिनिधित्व भी कर सके। सोचो; आज तक तुम्हें हिन्दुत्व के नफरती जाल में फँसकर क्या लाभ मिला? आप स्वयं अपने बुद्धि बल से लाभ-हानि का आंकलन करो, अपना दीपक स्वयं बनो तभी आप और सबका कल्याण हो सकेगा।
दलित-मुस्लिम सीटों का बंटवारा: दलित, वंचित-शोषित और मुस्लिम समुदाय को आपस में मिलकर प्रदेश की सभी सीटों पर उम्मीदवारों को उतारने का फैसला आपसी सहमति, समाज के जागरूक व रणनीतिकार लोगों को मिलकर करना चाहिए। दोनों समुदायों की नियत में स्पष्ट धारणा होनी चाहिए कि हमें ईमानदारी और न्याय के आधार पर संख्या बल को सभी जातीय घटकों का प्रतिनिधित्व देना है। कोई भी जातीय घटक यह महसूस न करे कि मेरे जातीय घटक की दलित-मुस्लिम अबाध्य गठबंधन में उपेक्षा हुई है या मुझे संख्याबल के आधार पर कम हिस्सेदारी मिली है। अगर कुछ सीटों पर एक या दो या उससे अधिक स्वाभाविक मत भिन्नता भी हो, या वह मत भिन्नता संघी-ब्राह्मणवादी मानसिकता के लोगों द्वारा अदृश्य रूप से पैदा कराई गई हो, उसे समाज के जागरूक लोगों को एक साथ बैठकर सुलझाना चाहिए। सभी जातीय घटकों व समुदायों को राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने और लेने में उदारता और बड़ा दिल दिखाना चाहिए। चूंकि हम सभी का लक्ष्य और दायित्व इस बात पर एक मत होकर टिका होना चाहिए कि हम प्रदेश की सत्ता पर काबिज किस गणितीय आधार पर हो सकते हैं। छोटी-मोटी बातों पर अड़े न रहकर लचीला रुख अपनाना चाहिए और सभी को एक मंच पर लाकर सहमत भी होना चाहिए। अगर दलित मुस्लिम अबाध्य गठबंधन ऐसा करने में सफल होता है, तो यह दोनों घटकों की जीत होगी और इसका परिणाम भी सकारात्मक रूप में देश की राजनीति में देखने को मिलेगा और सरकार भी प्रदेश में अति पिछड़े व अत्यंत पिछड़े लोगों की ही बन सकेगी।
समय की मांग: वर्तमान व पिछले राजनैतिक अनुभव के आधार पर दलित, वंचित व अल्पसंख्यक समुदायों के जागरूक व रणनीतिकार लोगों को एक ऐसे सक्रिय गठबंधन के साथ जाने का फैसला करना चाहिए जो देश की राजनीति में सक्रिय भी है और धरातल पर भी कार्य करता नजर आ रहा है। ऐसे गठबंधन के साथ जाकर दलित, शोषित व अल्पसंख्यक समुदाय के जागरूक लोगों को केवल अपना और अपने जातीय घटक का हित न देखकर सबका सामुहिक हित देखकर अपनी संख्या बल के आधार पर यूपी की सभी सीटों पर उसी अनुपात में भागीदारी मांगनी चाहिए और उन सभी सीटों पर वर्तमान में सक्रिय दिख रहे गठबंधन के साथ जाने का फैसला करना चाहिए।
ब्राह्मणवादी व संघीयों से सावधान: यूपी विधान सभा का चुनाव अभी कई महीने दूर है, मगर भाजपा संघियों के अंधभक्त और गुर्गे जमीन पर सक्रिय होकर आफत उतारे हुए हैं, उन्होंने अभी से पाखंडी किस्म के पुजारियों, गुरुओं, सत्संग कर्ताओं, कथावाचकों को मैदान में उतार दिया है। जो धरातल पर उतरकर अज्ञान व अशिक्षित लोगों को धर्म की अफीम चटाकर, विशेष रूप से महिलाओं को झांसे में लेकर उन्हें झूठ आधारित ज्ञान व पाखंड परोस रहे हैं। कम समझ व कम शिक्षित महिला मतदाताओं पर हिन्दुत्व का लेप चढ़ाकर समाज में नफरत, हिन्दू मुस्लिम व ऊंच-नीच का प्रचार कर रहे हैं। शायद ये पाखंडी पुजारी व सत्संगकर्त्ता ऐसा मुफ्त में नहीं कर रहे हैं उन्हें ऐसा करने के लिए संघी मानसिकता की शाखाओं में तैयार किए गए कैडर द्वारा प्रोत्साहित भी किया जा रहा है और उन्हें इस कार्य के लिए संघियों द्वारा जरूरी संसाधन और धन भी मुहैया कराया जा रहा है। दलित-शोषित-वंचित व अल्पसंख्यक समाज के जो लोग चंद्रशेखर रावण व औवेसी की राजनीतिक पार्टियों को बहुजन समाज का मत व उनके धन सहयोग की वकालत कर रहे हैं। वास्तव में वे उनके और संघियों के राजनीतिक दलाल है। इन दोनों राजनीतिक पार्टियों का बहुजन समाज के हित में कोई सामाजिक संघर्ष और त्याग नहीं है। चुनाव के समय ये दोनों अपने गुर्गों को अपने प्रचार में लगाकर समाज की वोटों का बिखराव कराकर मनुवादी संघियों की सत्ता स्थापित करने में सहयोग करते हैं। वर्तमान में इनके पास जो संसाधन समाज के जागरूक विश्लेषकों को नजर आ रहे हैं, वे विशेषकर चंद्रशेखर की नीति, नियत और ईमानदारी पर प्रश्नचिन्ह लगा रहे हैं!





| Monday - Saturday: 10:00 - 17:00 | |
|
Bahujan Swabhiman C-7/3, Yamuna Vihar, DELHI-110053, India |
|
|
(+91) 9958128129, (+91) 9910088048, (+91) 8448136717 |
|
| bahujanswabhimannews@gmail.com |