




2026-11-28 18:17:04
बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर बचपन से ही मेधावी छात्र रहे थे। चौथी कक्षा उन्होंने प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण की थी। तभी एक घरेलू कार्यक्रम में दादा कृष्णजीराव अर्जुन केलुसकर ने उन्हें मराठी में भगवान बुद्ध की जीवनी पढ़ने को दी। इससे उनमें पुस्तक पढ़ने का उत्साह उत्पन्न हुआ। जब बालक भीम सिद्धार्थ स्कूल में पढ़ते थे उस वक्त वह उत्तर परेल की एक चाल में एक छोटे से कमरे में रहते थे। घर में पढ़ने के लिए उचित स्थान नहीं होने के कारण वह अपने स्कूल के बाहर एक पार्क में छुट्टी के बाद प्रतिदिन पढ़ते थे। दादा केलुसकर विल्सन हाई स्कूल में टीचर थे। वह भी वहां उसी पार्क के रास्ते से गुजरते हुए बालक भीम को पढ़ते हुए रोज देखते थे। एक दिन उन्होंने बालक भीम के पास जाकर उनसे पार्क में पढ़ने का कारण पूछा और उनकी व्यथा जानी। बालक भीम से अच्छा परिचय हो गया। उनको पढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया और जीवन भर भीम के मित्र बनकर रहे।
सिद्धार्थ कॉलेज में पहुंचकर बालक भीम का पुस्तक एवं पुस्तकालय प्रेम गंभीर हो गया था। 1912 में बी.ए. पास किया। दादा केलुसकर भीम के पिता रामजी सकपाल जी के मित्र भी थे। उन्होंने बड़ौदा के महाराजा सयाजीराव गायकवाड़ से भीम के अमेरिका में पढ़ने की सिफारिश की। महाराजा गायकवाड़ मेधावी छात्रों को विदेश में पढ़ने के लिए वजीफा भी देते थे। महाराजा ने बालक भीम का साक्षात्कार लिया और 11.5 पाउंड प्रति माह के वजीफे पर भीमराव को अमेरिका की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में आगे की पढ़ाई करने के लिए भेज दिया। लेकिन शर्त रखी कि वह वापस लौटकर बड़ौदा के महाराजा के यहां अपनी सेवा देंगे। भीमराव अंबेडकर जून 1913 में कोलंबिया यूनिवर्सिटी पढ़ने चले गए।
बाबा भीमराव अंबेडकर मेधावी छात्र थे। वह पुस्तकालय में अधिक से अधिक समय गुजारते थे। अपने प्रोफेसर जॉन डेवी के स्वतंत्रता, समानता, बंधुत्व के विचारों से बहुत प्रभावित हुए। उनके मन में भी अपने समाज और देश की सेवा के भाव अंकुरित होने लगे। इकोनॉमिक्स, समाजशास्त्र, राजनीति विज्ञान, इतिहास, मानव विज्ञान, मनोविज्ञान आदि अनेक विषयों में मास्टर्स डिग्री प्राप्त की। अमेरिका की कोलंबिया यूनिवर्सिटी के 2016 में 250 वर्षों के दौरान पढ़े छात्रों के एक सर्वेक्षण में उच्चतम स्थान पाया और कोलंबिया विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर डॉ भीमराव अम्बेडकर की कांसे की एक मूर्ति स्थापित की गई और लिखा गया सिंबल आॅफ नॉलेज। राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कहा कि अगर आंबेडकर हमारे यहां पैदा होते तो हम उनका नाम सूरज रखते। डॉ आंबेडकर बगैर पीएच.डी. पूरी किए 1916 में लंदन स्कूल आॅफ इकोनॉमिक्स में पढ़ने चले गए। उनका वजीफा समाप्त हो गया था अत: 1917 में लंदन से बड़ौदा वापस अपनी शर्त पूरी करने के लिए आना पड़ा।
बड़ौदा में सैनिक सचिव के पद पर नियुक्त हुए परंतु बंगला नहीं मिलने के कारण 11 दिन ही में इस्तीफा देकर बम्बई (मुम्बई) लौट आए। बड़ौदा के लाइब्रेरियन ने अपनी रिपोर्ट में लिखा था कि भीमराव अम्बेडकर ने 200 पुस्तकें इन 11 दिनों में उधार ली थीं। इतने पढ़ाकू थे बाबा साहेब आंबेडकर।
बाबा साहेब ने कोलंबिया यूनिवर्सिटी में अध्ययन करते हुए जो 2000 पुस्तकें एकत्र की थीं, उन्हें लंदन से वापस आते हुए एक अलग समुद्री जहाज से संदूकों में भरकर भारत रवाना किया था। दुर्भाग्यवश उस समय प्रथम विश्व युद्ध चल रहा था। जर्मन पनडुब्बी ने उस जहाज को डुबो दिया था जिससे बाबा साहेब की सभी पुस्तकें समुद्र में डूब गईं। इसमें बाबा साहेब की ‘नेशनल डिविडेंड आॅफ इंडिया’ हाथ की लिखी पीएच.डी. की थीसिस मैनुस्क्रिप्ट भी डूब गई। परिणामस्वरूप भीमराव अम्बेडकर को दूसरे विषय ‘द इवोल्यूशन आॅफ प्रोविंशियल फाइनेंस आॅफ ब्रिटिश इंडिया’ पर दुबारा पीएच.डी. थीसिस लिखनी पड़ी। इस पर कोलंबिया विश्वविद्यालय ने उन्हें 1927 में डिग्री अवार्ड की थी।
ज्ञान ही शक्ति है: कहते हैं कि नॉलेज इज पावर अर्थात ज्ञान ही शक्ति है। बाबा साहेब डॉ आंबेडकर का कहना था कि ज्ञान की शक्ति के समुद्र में कौन गोते लगाता है। बाबा साहेब तो इस शक्ति के समुद्र में डूबने पर दो-दो तीन-तीन दिन तक बिना खाए भूखे रह जाते थे। शंकरानंद शास्त्री के अनुसार बाबा साहेब 18-18 घंटे पढ़ते थे। रात में पढ़ते-पढ़ते सो जाते थे। सुबह उनका रसोइया सुदामा उनको सोता हुआ पाता था। 1938 में अमेरिकन जर्नलिस्ट जॉन गुंथर ने भारत दौरा किया। बम्बई में डॉ आंबेडकर के घर राजगृह पहुंचे। उन्होंने लिखा है कि आंबेडकर के अपने पुस्तकालय में 8000 किताबें थीं। उसने अपनी किताब इनसाइड एशिया में लिखा है कि डॉ आंबेडकर अध्ययनशील या अध्ययनपरायण थे।
डॉ. आंबेडकर 1932 में राउंड टेबल कॉन्फ्रेंस में लंदन गए तो वह 32 बॉक्स में भरकर लगभग 2500-3000 पुस्तकें भारत लाए। उनके परिनिर्वाण के समय उनके मुंबई के घर राजगृह में 50000 से ज्यादा पुस्तकें इकट्ठा हो चुकी थीं जो विश्व में सबसे बड़ा निजी पुस्तकालय था। बाद में यह पुस्तकें सिद्धार्थ कॉलेज को दे दी गईं। बाबा साहेब की हाथ से लिखी पुस्तकों और पेपर्स का डिजिटाइजेशन किया जा चुका है। 32 डिग्री लेने के बाद भी उनका कहना था कि मैं सागर की कुछ बूंद भर ही जानता हूं। 1932 में कम्युनल अवार्ड के बाद मुंबई में हिंदू महासभा की एक कॉन्फ्रेंस में पंडित मदन मोहन मालवीय पहुंचे और बाबा साहेब से मुलाकात की। पंडित मालवीय बोले कि डॉ आंबेडकर आप इतने विद्वान हैं कि मन करता है कि आपको दंडवत प्रणाम करूं परंतु मेरा ब्राह्मण धर्म इसकी आज्ञा नहीं देता है। मालवीय जी ने बाबा साहेब की पुस्तकें 2 लाख रुपयों में खरीदने की पेशकश की। जवाब में बाबा साहेब ने कहा कि यह मेरे जीवन की कमाई गई धरोहर है मैं इसे किसी को भी नहीं दे सकता। इसी तरह बिड़ला ने भी 6 लाख रुपयों में खरीदने की पेशकश की थी। बाबा साहेब की इतनी ज्ञान शक्ति थी कि ब्रिटिश वायसराय लॉर्ड लिनलिथगो के सामने यह कहना पड़ा कि ‘मैं 500 ग्रेजुएट से ज्यादा हूं’। यह थी पावर आॅफ नॉलेज बाबा साहेब की। एक और उदाहरण है कि 1964 के आरम्भ में जब ब्रिटिश सामाजिक चिंतक गुन्नार मिर्डल भारत आए और पंडित नेहरू से मिले तो नेहरू जी ने कहा कि आप डॉक्टर भीमराव अंबेडकर को पढ़ें। बिना आंबेडकर को पढ़े आप भारत की आर्थिक और सामाजिक स्थितियों को नहीं समझ पाएंगे। इसके बाद 1969 में गुन्नार की पुस्तक एशियन ड्रामा प्रकाशित हुई और 1974 में इस पर नोबेल पुरस्कार मिला।
पुस्तकालय मोक्ष का द्वार: डॉ रंगनाथन के कथनानुसार पुस्तकालय मोक्ष का द्वार है। पुस्तकालय में पुस्तकों से ज्ञान अर्जित करके मानव ज्ञानमय हो जाता है। आनंद की अनुभूति करता है। बाबा साहेब को आत्मबोध हो चुका था। शंकरानंद शास्त्री के अनुसार बाबा साहेब आंबेडकर कहते थे कि मैं सहज स्थिति और आनंद पाने के लिए ही पढ़ता हूं। यह था बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर का पुस्तक और पुस्तकालय प्रेम। पुस्तक से बड़ा कोई दोस्त नहीं, कोई गुरु नहीं।





| Monday - Saturday: 10:00 - 17:00 | |
|
Bahujan Swabhiman C-7/3, Yamuna Vihar, DELHI-110053, India |
|
|
(+91) 9958128129, (+91) 9910088048, (+91) 8448136717 |
|
| bahujanswabhimannews@gmail.com |